अरूण जेटली मेरे राजनीतिक गुरू -सिद्धार्थ नाथ सिंह

प्रयागराज,उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए शनिवार को कहा देश ने गौरवान्वति करने वाला सपूत खो दिया।
        सिद्धार्थ नाथ सिंह ने श्री जेटली को अपना राजनीतिक गुरु बताया। उन्होने, “कहा आज मैं जो भी कुछ हूं, उसमें उनका पूरा योगदान और मार्गदर्शन है। पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता बनने पर उन्होंने ही मुझे बताया कि कैसे अच्छा प्रवक्ता बना जा सकता है।
       उन्होने कहा कि श्री जेटली के निधन से देश और पार्टी के लिए गहरा आघात है। इसकी भरपाई होना मुश्किल है।  उनके निधन से मुझे जो क्षति हुई है उसे शब्दों में बयां करना मेरे लिए संभव नहीं हैं।
       श्री जेटली पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत थे। उनके आचार व्यवहार से बहुत कुछ सीखने को मिलता था।  देश ने एक महान आर्थिक सुधारक, गौरवान्वित करने वाला एक बेटा, एक राष्ट्र भक्त, और एक ऐसा व्यक्ति खोया जो पार्टी के लिए संकट मोचन हुआ करते था।
       खादी एवं उद्योग मंत्री ने बताया उनका व्यक्तित्व ऐसा था जो सबको साथ लेकर चलने में विश्वास करते थे। वह चीजों को सरल बनाते थे और मीडिया के मित्र थे। उनके निधन से देश को बहुत बड़ी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई शीघ्र होना संभव नहीं है।
      गौरतलब है कि भाजपा के कद्दावर नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दोपहर 12 बजकर सात मिनट पर निधन हो गया।