भाजपा की नीतियां विनाशक, देश को अंधेरे गलियारे में धकेल रही है: अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश भर में जहां गुरु नानक देवजी का 550वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है, वहीं भाजपा सरकार देश को अंधेरे गलियारे में धकेल रही है। भाजपा की नीतियां विनाशक हैं जबकि सपा निर्माण और रचना की पक्षधर है।


अखिलेश विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को दिशाभ्रम का शिकार बना रही है। बुनियादी समस्याएं जस की तस मुंह बाए खड़ी हैं। कानून-व्यवस्था के हालात बिगड़े हुए हैं। सपा अध्यक्ष से अलग-अलग समस्याओं को लेकर कई लोग भी मिले।
नौजवानों ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर न के बराबर हैं। जो उद्योग-धंधे हैं भी उनमें छंटनी हो रही है। खिलाड़ियों ने भाजपा सरकार में अपनी अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि सपा सरकार में उन्हें पुरस्कार और सम्मान मिल रहा था। यशभारती जैसा सर्वोच्च सम्मान बंद करके भाजपा सरकार ने उनका अपमान किया है।


भाजपा सरकार में शिक्षा व शिक्षामित्रों की दुर्दशा



सुल्तानपुर के रिटायर्ड शिक्षक और कश्यप निषाद सभा के प्रांतीय अध्यक्ष खेमई प्रसाद निषाद ने भाजपा राज में जनता की बढ़ती परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों व शिक्षामित्रों की दुर्दशा है। सर्दी आ गई है लेकिन बच्चों को अभी तक स्वेटर, मोजे-जूते तक नहीं मिल पाए हैं। कई लोगों ने जिलों में अवैध खनन की जानकारी दी।
छात्र नेता श्रीराम जायसवाल समाजवादी ने बताया कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में भाजपाई अराजकता पैदा करने में लगे रहते हैं। जश्ने वारिस पाक कमेटी, सुल्तानपुर के हजरत मोबीन अहमद वारसी उर्फ  लड्डन बाबा ने 2022 में सपा की जीत और अखिलेश के मुख्यमंत्री बनने के लिए दुआ की।